
शनोल मेले के समापन समारोह में लोक निर्माण मंत्री की बड़ी घोषणाएं, नेरीपुल-सनौरा डबल लेन सड़क और गिरी नदी पर पुल निर्माण को मिलेगी गति
समाचार दृष्टि ब्यूरो / राजगढ़
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जिला सिरमौर में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने के लिए लगभग 244 करोड़ रुपये की विभिन्न सड़क एवं पुल परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि किसानों, बागवानों और आम लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
मंत्री मंगलवार को राजगढ़ उपमंडल के झिमीधार में आयोजित ऐतिहासिक शनोल मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए सड़क विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में जिला सिरमौर में सड़कों और पुलों के निर्माण पर 47 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, पीडीएनए-2025 के तहत आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए 47 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है।
पीएमजीएसवाई के तहत 11 नई सड़कें मंजूर
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (चरण-IV) के अंतर्गत जिला सिरमौर में 85 करोड़ रुपये की लागत से 11 सड़क परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इनमें पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की 12 करोड़ रुपये लागत वाली दो सड़कें भी शामिल हैं। इनकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
गिरी नदी पर बनेगा 14 करोड़ का पुल
उन्होंने बताया कि नाबार्ड के माध्यम से पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में गिरी नदी पर चबयोगा के समीप 14 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण शीघ्र आरंभ होगा। इसके अलावा, आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और रखरखाव के लिए पच्छाद क्षेत्र को 21 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।
धरयार-नारग-मरयोग सड़क सितंबर तक होगी तैयार
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (चरण-III) के अंतर्गत धरयार-नारग-मरयोग सड़क पर 30 करोड़ रुपये की लागत से कार्य अंतिम चरण में है। इस सड़क को सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
203 करोड़ से बनेगी नेरीपुल-सनौरा डबल लेन सड़क
उन्होंने बताया कि नेरीपुल से सनौरा तक 36 किलोमीटर लंबी सड़क को डबल लेन, चौड़ा और पक्का करने के लिए 203 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से सिरमौर और शिमला के किसानों एवं बागवानों को अपनी नकदी फसलों को चंडीगढ़ और दिल्ली की मंडियों तक पहुंचाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
समारोह से पूर्व मंत्री ने यशवंत नगर-नेरीपुल सड़क का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना तय समय में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान बंद होने वाले मार्गों को तत्काल खोलना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि किसानों और बागवानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अपने संबोधन में उन्होंने हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास की मजबूत नींव इन महान नेताओं ने रखी थी।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री ने मेला समिति और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मेला समिति झिमीधार को 51 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
मेला समिति के अध्यक्ष ओम सिंह ने मुख्य अतिथि का पारंपरिक लोइया, डांगरा, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रणधीर पवार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रमुख के राजनीतिक सलाहकार विकास काल्टा, लोक निर्माण मंत्री के ओएसडी वेद शर्मा, एसडीएम राजगढ़ राजकुमार, अधीक्षण अभियंता अरविंद शर्मा, डीएसपी राजगढ़ विद्याचंद नेगी, यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव मनीष भगनाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विनय भगनाल, प्रताप भगनाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें-
Political:उद्योग मंत्री ने कांटी मशवा में 1 करोड़ 27 लाख की लागत से निर्मित पीएचसी भवन का किया लोकार्पण
Himachal:चूड़ेश्वर महाराज की तलहटी में आस्था का महासंगम: ऐतिहासिक स्त्रोन (शनोल) मेले में उमड़ा जनसैलाब
Himachal:पेंशनर्स एसोसिएशन सराहाँ यूनिट की मासिक बैठक सम्पन्न, लंबित देय राशि और डीए जारी करने की उठाई मांग




