
धनतेरस पर घर लौट रहे थे गिरिपार क्षेत्र के युवक, डुंगा घाट के समीप तीखे मोड़ पर हुआ हादसा; घायलों को सराहां से नाहन मेडिकल कॉलेज किया रेफर
डेस्क समाचार दृष्टि
जिला सिरमौर में धनतेरस के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे पर डुंगा घाट के समीप एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरिपार क्षेत्र के कुछ युवक दिवाली का त्योहार मनाने के लिए शिमला की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डुंगा घाट के पास एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो कैंपर गहरी खाई में लुढ़कती हुई कयाणा की ओर जाने वाले लिंक रोड पर जा पहुंची।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने पुलिस तथा 108 एंबुलेंस को हादसे की सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल सराहां पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है।
हादसे में काकू (30) पुत्र रत्न सिंह, निवासी गांव पारवा, डाकघर कांटी नांशो, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर की मौत हो गई।
हादसे में घायल हुए लोगों की सूची:
- कुलदीप (30) पुत्र रत्न सिंह, गांव खनलोग, कोडगा।
- अनिल (34) पुत्र सूरत सिंह, निवासी खनलोग।
- राहुल (23) पुत्र गुमान सिंह, निवासी खनलोग।
- विक्रम (21) पुत्र सूरत सिंह, गांव बाईला।
- शिशुपाल (28) पुत्र सुरेश, गांव टिकरा, तहसील शिलाई।
- गोलू चौहान (21) पुत्र कल्याण सिंह, गांव बाईला।
- सार्थक चौहान (20) पुत्र दीप चंद, गांव पैदवा।
- पिंकू (19) पुत्र रत्न सिंह, गांव पारवा।
- राहुल (20) पुत्र रत्न सिंह, गांव पारवा।
उधर, हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज नाहन प्रबंधन को अलर्ट कर दिया है, ताकि घायलों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध करवाया जा सके।
उधर मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी राजगढ़ वीएस नेगी बताया की एक बेलेरो केम्पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई है जिसमे एक कि मौके पर ही मौत हो गई है जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े-




