
नेई नेटी स्कूल में लोक नृत्य प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन
समाचार दृष्टि ब्यूरो / राजगढ़
राजगढ़ उपमंडल के तहत आने वाले राजकीय उच्च विद्यालय नेई नेटी में एक अक्टूबर को लोक नृत्य प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
आसरा संस्था के प्रभारी एवं राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित अंतराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार डॉ. जोगेंद्र हाब्बी ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की ‘गुरु-शिष्य परंपरा’ के अंतर्गत विद्यालयों में आसरा संस्था द्वारा आयोजित की जा रही प्रशिक्षणात्मक गतिविधियों का हिस्सा था। इसके तहत् राजकीय उच्च विद्यालय नेई नेटी को भी प्रशिक्षण के लिए शामिल किया गया है।
प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान आसरा संस्था के गुरु पद्मश्री विद्यानंद सरैक ने छात्रों को लोक विधाओं एवं उसकी सांस्कृतिक महत्ता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सिरमौरी नाटी के अंतर्गत नाटी की चारों विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया।
आसरा संस्था के वरिष्ठ लोक गायक रामलाल वर्मा ने छात्रों को लोकगीतों के गायन की बारीकियों से अवगत करवाया। वहीं उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित लोक कलाकार गोपाल हाब्बी ने लोक नृत्य प्रतियोगिताओं के दौरान गायन, नृत्य और वादन के बीच आवश्यक सामंजस्य के बारे में अपने विचार साझा किए। सरोज और चमन ने विद्यार्थियों के समक्ष डेमोंस्ट्रेशन देकर लोक नृत्य की भाव भंगिमाओं से रूबरू करवाया।
डॉ. जोगेंद्र हाब्बी ने सिरमौरी पारंपरिक परिधानों की मौलिकता, लोकगीतों की वास्तविकता तथा लोक नृत्य की पारंपरिक शैली एवं अंदाज के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रशिक्षण कार्यशालाओं का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्थानीय लोक संस्कृति, लोक नृत्यों, लोकगीतों एवं पारंपरिक कलाओं से जोड़ना तथा इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अध्यापक, राजकीय उच्च विद्यालय नेई-नेटी सत्येंद्र सिंह कंवर ने भी स्थानीय क्षेत्र के परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी।
इस अवसर पर अध्यापक गणों में अविनेश चौहान, विवेक शर्मा, सुदर्शना देवी, रुमानी चौहान, श्वेता ठाकुर, निशा कुमारी, प्रिया कुमारी, अजय तथा नीलम कंवर उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें-
Himachal:एसएफआई शिमला शहरी इकाई का 24वां सम्मेलन सम्पन्न, तिलक राज अध्यक्ष तो प्रवेश चुने गए सचिव
Sports:अस्मिता रग्बी सिटी टूर्नामेंट में कोटड़ी व्यास फाइटर ने अंडर-15 वर्ग की ट्रॉफी की अपने नाम




