
एसएफआई की गतिविधियों और छात्र मुद्दों को लेकर हाल के दिनों में हिमाचल में संगठन के विभिन्न कार्यक्रम भी हुए आयोजित
समाचार दृष्टि ब्यूरो / शिमला
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) शिमला शहरी इकाई का 24वां वार्षिक सम्मेलन 1 अक्तूबर को कैथू स्थित चित्कारा पार्क में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में करीब 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। एसएफआई की गतिविधियों और छात्र मुद्दों को लेकर हाल के दिनों में हिमाचल में संगठन के विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित हुए हैं।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
सम्मेलन में 23 सदस्यीय कमेटी का चुनाव किया गया, जबकि आठ सदस्यीय सचिवालय मंडल का गठन हुआ। तिलक राज को अध्यक्ष और प्रवेश को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। सह सचिव के तौर पर कुशल, प्रवेश और कृतिका तथा उपाध्यक्ष के रूप में हिमांशु, अक्षद और सुहानी को चुना गया।
सम्मेलन के दौरान अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही आने वाले समय में संगठन की गतिविधियों और छात्र मुद्दों को लेकर दिशा तय की गई।
अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी हुई चर्चा
सम्मेलन का उद्घाटन भाषण एसएफआई शिमला जिला अध्यक्ष विवेक नेहरा ने दिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय राजनीति और वैश्विक परिस्थितियों पर संगठन के दृष्टिकोण को सामने रखा तथा पूंजीवादी और समाजवादी व्यवस्थाओं के बीच संघर्ष सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा की। उन्होंने अमेरिका की विदेश नीति और विभिन्न देशों में जारी संघर्षों को लेकर एसएफआई के विचार रखे।
सम्मेलन में डीवाईएफआई शिमला शहर के अध्यक्ष शाहबाज खान मौजूद रहे। वहीं मजदूर संगठन सीटू के जिला सचिव रमाकांत मिश्रा ने सम्मेलन को शुभकामना संदेश दिया।
छात्र अधिकारों के लिए संघर्ष पर जोर
सम्मेलन की समीक्षा करते हुए एसएफआई शिमला जिला सचिव पवन ने कहा कि पिछले एक वर्ष में शिमला शहरी इकाई संगठनात्मक रूप से आगे बढ़ी है। उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष करना संगठन की प्राथमिकता है।
सम्मेलन के अंत में नवनिर्वाचित अध्यक्ष तिलक राज और सचिव प्रवेश ने संबोधित किया। उन्होंने आने वाले समय में शिमला शहर में छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की बात कही।
ये भी पढ़ें-
Sports:अस्मिता रग्बी सिटी टूर्नामेंट में कोटड़ी व्यास फाइटर ने अंडर-15 वर्ग की ट्रॉफी की अपने नाम
Himachal:गायनी में पीजी की तीन सीटों के लिए मेडिकल कॉलेज पटना से आई टीम ने किया मेडिकल कॉलेज नाहन का निरीक्षण




