
मेडिकल कॉलेज नाहन में एनएमसी टीम ने जांची पीजी पाठ्यक्रम की व्यवस्थाएं
फैकल्टी, मरीजों का क्लीनिकल लोड, आईसीयू, लैब और शिक्षण संसाधनों का लिया जायजा
समाचार दृष्टि ब्यूरो / नाहन
डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में गायनी विभाग में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की टीम ने निरीक्षण किया। मेडिकल कॉलेज पटना से पहुंची टीम ने गायनी विभाग में पीजी की तीन सीटों के लिए अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
निरीक्षण के दौरान गायनी विभाग के एचओडी डॉ. अमोद सिंह सहित अन्य चिकित्सक और स्टाफ मौजूद रहे। टीम ने विभाग में उपलब्ध फैकल्टी, मरीजों का क्लीनिकल लोड, ओपीडी और आईपीडी सेवाओं, वार्डों तथा आईसीयू की स्थिति की जांच की। इसके अलावा चिकित्सा उपकरणों, प्रयोगशालाओं, मेडिकल रिकॉर्ड और पीजी विद्यार्थियों के प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध शिक्षण संसाधनों का भी जायजा लिया।
एनएमसी टीम ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं को निर्धारित मानकों के आधार पर परखा। बता दें कि पीजी सीटों की मंजूरी के लिए विभाग में फैकल्टी के साथ पर्याप्त मरीज, क्लीनिकल केस, जांच सुविधाएं, उपकरण, आधारभूत ढांचा और प्रशिक्षण की व्यवस्था भी जरूरी होती है। निरीक्षण के बाद टीम की रिपोर्ट के आधार पर पीजी सीटों की मंजूरी की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
मेडिकल कॉलेज में इससे पहले मेडिसिन एमडी की पांच, एनेस्थीसिया में एमडी की पांच, ऑर्थोपेडिक्स में एमएस की तीन और जनरल सर्जरी में एमएस की तीन सीटों के लिए भी एनएमसी टीम निरीक्षण कर चुकी है। इस तरह अब तक विभिन्न विभागों में कुल 19 पीजी सीटों के लिए निरीक्षण हो चुका है।
उधर डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन की प्राचार्य डॉ. संगीता ढिल्लों ने बताया कि गायनी विभाग में पीजी पाठ्यक्रम शुरू होने से संस्थान में स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा का विस्तार होगा। इससे विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने के साथ मरीजों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अब एनएमसी की निरीक्षण रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी और इसके आधार पर आगामी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें-
Himachal:SIR लोकतंत्र के लिए अच्छा कार्य, कांग्रेस कर रही चुनावी लाभ को दुष्प्रचार : शिवानी कुमारी
Himachal:मैदान में बरसा हुनर, कई पदक अपने नाम करने पर एनवीएन पब्लिक स्कूल नैना टिक्कर का चमका नाम




