
ठोंठा जाखल में स्वास्थ्य उपकेंद्र तथा रा.प्रा.पा. हरलोग में कमरों का लोकार्पण, कोटा पाब में पीएचसी भवन का किया शिलान्यास

समाचार दृष्टि ब्यूरो / नाहन
उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोज़गार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज ठोंठा जाखल में नए स्वास्थ्य उपकेंद्र का शुभारंभ किया। इसके उपरांत उन्होंने कोटापाब में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा पाब के भवन का शिलान्यास किया तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला हरलोग के लिए नवनिर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया। इस दौरान उद्योग मंत्री ने बाइला में क्षेत्रवासियों से भेंट कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
उद्योग मंत्री ने संबोधित करते हुए कहा ठोंठा जाखल में स्वास्थ्य उपकेंद्र शुरू होने से आसपास के ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि कोटा पाब में 56 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण शीघ्र पूर्ण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला हरलोग में 14 लाख 50 हज़ार रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कमरों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे है। उन्होंने कहा कि स्कूलों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने बताया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में 125 से अधिक कमरों का निर्माण करवाया गया है, साथ ही विधान सभा क्षेत्र के विद्यालयों में टीजीटी के लगभग 90 प्रतिशत पद भर दिए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को नियमित एवं बेहतर शिक्षण व्यवस्था का लाभ मिल रहा है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य संस्थानों के आधारभूत ढांचे और स्टाफ की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घर के निकट बेहतर उपचार मिल सके।उन्होंने बताया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में कमरऊ, सतौन, टिंबी, व चांदनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों का निर्माण किया जा रहा है, जबकि हाल ही में कांटी मशवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि कोटा पाब में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोला गया व आज उसके भवन का शिलान्यास भी कर दिया गया है।उन्होंने कहा कि हाल ही में स्वास्थ्य उप केंद्र उत्तरी तथा आज ठोंठा जाखल में स्वास्थ्य उपकेंद्र का शुभारंभ किया गया।
उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल शिलाई विधानसभा क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जहां प्रतिदिन लगभग 350 से 400 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित 10 डॉक्टर और 12 नर्सें तैनात हैं। इनमें नेत्र, मेडिसिन, अस्थि रोग तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एनेस्थीसिया, सर्जरी और शिशु रोग विशेषज्ञ सहित तीन अन्य चिकित्सक शीघ्र अपनी सेवाएं शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से नई एक्स-रे मशीन स्थापित की गई है, जिससे प्रतिदिन 100 से अधिक एक्स-रे किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में शीघ्र ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि पहले मरीजों को बाहर रेफर करना पड़ता था, लेकिन अब अधिकांश स्वास्थ्य सुविधाएं शिलाई में ही उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि शिलाई में 100 बिस्तरों वाले पांच मंजिला आधुनिक नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। भवन की पांचवीं मंजिल का लैंटर शीघ्र ही डाला जाएगा, निर्माण कार्य पूर्ण होने पर अस्पताल क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर एवं विस्तृत स्वास्थ्य सुविधाएं शिलाई में ही उपलब्ध होंगी।
उद्योग मंत्री ने बताया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में मूल-भूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लगभग 400 करोड़ रुपये की राशि से विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा लोगों को इसका लाभ प्राप्त होगा।
उद्योग मंत्री ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला मकडाना के लिए दो कमरे, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटा पाब के लिए दो कमरे तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला हरलोग के ग्राउंड हेतु दो लाख, सामुदायिक भवन हरलोग के लिए दो लाख देने की घोषणा की।बाइला में वेटनरी भवन का प्राक्लन तथा कोयलू महाराज के सांझा प्रांगण हेतु प्राक्कलन बनाने के आदेश किए ताकि इसके लिए बजट का प्रावधान किया जा सके।
इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, सीएमओ डॉ राकेश प्रताप, बीएमओ के एल भगत तथा अजय देवल, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति शिलाई पदम् प्रकाश, बीडीओ रवि प्रकाश जोशी तथा राजेश नेगी, ओएसडी अत्तर राणा, प्रधान ठोंठा जाखल रतन सिंह, पूर्व प्रधान कल्याण सिंह, बाइला से जगत राम शर्मा, दीप चंद शर्मा, सीता राम शर्मा, कल्याण शर्मा तथा उदय राम शर्मा, प्रधान कोटा पाब बलदेव सिंह, पूर्व प्रधान कल्याण सिंह, नंबरदार रण सिंह चौहान, मण्डल सचिव सुमेर ठाकुर, एसएमसी अध्यक्ष अनिल, मित्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें-
Himachal:राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सराहाँ में 12 विद्यार्थियों को वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान
Political:सुक्खू सरकार में विकास ठप, भ्रष्टाचार चरम पर और कर्ज का नया रिकॉर्ड : जयराम ठाकुर




