
स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का बढ़ाया मान, दिल्ली में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी वंशिका
समाचार दृष्टि डेस्क / सराहां
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराहां की छात्राओं ने राज्य स्तरीय अंडर-14 छात्रा कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जिला कुल्लू के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भुंतर में 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने तीन पदक अपने नाम किए। इनमें एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक शामिल है।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं की वंशिका शर्मा ने 62 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, सुहानी शर्मा ने 46 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया, जबकि कनिका ठाकुर ने 58 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
वंशिका शर्मा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगी हिमाचल का प्रतिनिधित्व
प्रतियोगिता में 62 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली वंशिका शर्मा का चयन राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जहां वंशिका हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
शारीरिक शिक्षा अध्यापक के मार्गदर्शन में हासिल की उपलब्धि
छात्राओं को इस प्रतियोगिता के लिए शारीरिक शिक्षा अध्यापक सुरेंद्र पाल ने प्रशिक्षण दिया। छात्राओं की तैयारी, उनका मनोबल बढ़ाने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने में विद्यालय के समस्त अध्यापक वर्ग का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इससे पहले 25 से 27 सितंबर 2026 तक पांवटा साहिब में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया था। इस प्रतियोगिता में छात्राओं ने चार स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर उपविजेता का खिताब हासिल किया था।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रामा नन्द शर्मा ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अन्य छात्राओं को भी लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य ने छात्राओं की सफलता का श्रेय शारीरिक शिक्षा अध्यापक सुरेंद्र पाल सहित समस्त अध्यापक वर्ग के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को देते हुए उनकी सराहना की। वंशिका शर्मा के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
ये भी पढ़ें-
Himachal:राजगढ़ में 3.17 ग्राम चिट्टा बरामद, ट्रक सवार दो आरोपी गिरफ्तार
Himachal:सिरमौरी मंदिर पंचायत में किन्नर समुदाय की बधाई राशि ₹1,100 तय




