Advertisements

Himachal:संविधान की प्रति लहराने वाले पहले उसे पढ़ें, जाति-धर्म के नाम पर समाज बांटना बंद करे कांग्रेस : बांसुरी स्वराज

♦इस खबर को आगे शेयर जरूर करें ♦

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने नाहन में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा के भव्य स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने नाहन में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा के भव्य स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए
Picture of Samachar Drishti Media Group

Samachar Drishti Media Group

संत रविदास जी ने समाज को जोड़ने का संदेश दिया, कांग्रेस के युवराज विभाजन की राजनीति में व्यस्त : बांसुरी स्वराज

समाचार दृष्टि ब्यूरो / नाहन,

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने नाहन में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा के भव्य स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने संपूर्ण जीवन में सामाजिक समानता, भाईचारे, कर्मयोग और मानवता का संदेश दिया, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज कुछ राजनीतिक दल अपने स्वार्थ के लिए समाज को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि कांग्रेस के नेता संसद और सार्वजनिक मंचों पर संविधान की प्रति तो लहराते हैं, लेकिन उन्हें संविधान में निहित समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के मूल्यों को अपने आचरण में भी उतारना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति में सामाजिक एकता के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए विभाजनकारी मुद्दों को अधिक महत्व दिया जाता है।

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के युवराज को समझना चाहिए कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था जनता के विश्वास और संविधान के आधार पर चलती है। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक संगति और कथित सत्ता परिवर्तन संबंधी विचारों पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में सत्ता प्राप्त करने का रास्ता जनता का विश्वास जीतना है।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि भारत संतों, महापुरुषों और कर्मयोगियों की पावन भूमि है। संत रविदास जी ने सिखाया कि मनुष्य की पहचान उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म और आचरण से होती है। उन्होंने श्रम को ईश्वर के समान मानने की शिक्षा दी और समाज में व्याप्त ऊंच-नीच तथा भेदभाव को समाप्त करने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार देता है, लेकिन सामाजिक समरसता तभी साकार होती है जब हम इन मूल्यों को अपने दैनिक व्यवहार में अपनाते हैं। समानता और समरसता एक-दूसरे के पूरक हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने काशी में संत रविदास जी की जन्मस्थली पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को संपूर्ण समाज की धरोहर बताया था। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी किसी एक जाति, पंथ या समुदाय के नहीं, बल्कि पूरे भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत हैं।

बांसुरी स्वराज ने समरसता संकल्प यात्रा के आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि 2,400 किलोमीटर से अधिक की यह यात्रा केवल दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और सामाजिक एकता की नई संभावनाओं को जागृत करने का प्रयास है। उन्होंने यात्रा के माध्यम से दो करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचने के निर्धारित लक्ष्य का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर यह यात्रा राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सद्भाव और भारतीय सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश राम, सांसद सुरेश कश्यप, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि संत रविदास जी के आदर्शों को अपनाकर ही भेदभाव मुक्त, समरस और सशक्त भारत का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से एकता, समानता और राष्ट्रहित के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

ये भी पढें-
Himachal:सराहां को मिली पेट्रोलियम सुविधा की सौगात, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने किया फिलिंग स्टेशन का शुभारंभ

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

Please Share This News By Pressing Whatsapp Button

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram
LinkedIn
Email
Print

जवाब जरूर दे

[democracy id="2"]
Advertisements

Live cricket updates

error: Content is protected !!