
राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेले में भव्य शोभा यात्रा, खेल प्रतियोगिताएं, दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे मेले के मुख्य आकर्षण
समाचार दृष्टि ब्यूरो / सराहां
राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेले के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर मंगलवार को उपायुक्त एवं राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेला समिति की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि राज्यस्तरीय वामन द्वादशी मेला 23 से 25 सितंबर 2026 तक सराहां में आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान श्री वामन भगवान की भव्य शोभा यात्रा के साथ खेल प्रतियोगिताएं, दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
उन्होंने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करें और लोगों की सुविधा व सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उपायुक्त ने मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों के गठन के निर्देश देते हुए संबंधित विभागों को कानून एवं व्यवस्था, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, परिवहन एवं बस सेवाओं, साफ-सफाई, अग्निशमन तथा चिकित्सा सुविधाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक में बताया गया कि उपमंडलाधिकारी पच्छाद प्रियंका चंद्रा को मेला अधिकारी तथा पुलिस उप अधीक्षक पच्छाद को मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैठक का संचालन उपमंडलाधिकारी पच्छाद प्रियंका चंद्रा ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मेला आयोजन से जुड़े अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें-
Himachal:राजस्व लोक अदालतों के माध्यम से जिला सिरमौर में 6107 नामांतरण मामलों का निपटारा




