
सभी ने मिलकर राष्ट्रध्वज फहराया और राष्ट्रगान के साथ देश की स्वतंत्रता एवं वीर शहीदों को किया नमन
समाचार दृष्टि ब्यूरो/सराहां
ग्राम पंचायत जामन की सेर में आज 15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया।
ध्वजारोहण के अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान हेम कुमारी , जिला परिषद उपाध्यक्ष बलदेव सिंह भंडारी, बीडीसी सदस्य सुरेंद्र नागवान, ग्राम पंचायत उपप्रधान सुरेंद्र सिंह, ग्राम पंचायत सचिव विजय पाल, सहित पंचायत के अन्य प्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर राष्ट्रध्वज फहराया और राष्ट्रगान के साथ देश की स्वतंत्रता एवं वीर शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर पंचायत क्षेत्र के सेवानिवृत्त सैनिकों, विद्यालय के मेधावी एवं उत्कृष्ट विद्यार्थियों तथा शिक्षा, खेलकूद और अन्य विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य एवं उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। पंचायत की ओर से सभी सम्मानित व्यक्तियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनके योगदान और उपलब्धियों की सराहना की गई।
विद्यालय के बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें कॉपी, पेंसिल एवं मेडल भी प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा एवं विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में NRLM समूह शिव शक्ति की महिलाओं ने भी विशेष रूप से भाग लिया। समूह की महिलाओं द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम में देशभक्ति का जोश और उत्साह और भी बढ़ा दिया। उपस्थित सभी लोगों ने उनकी शानदार प्रस्तुति की सराहना की।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेलकूद, सामाजिक कार्यों और राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाएं तथा स्वयं भी नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मान देना तथा बच्चों और युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। हमारे पूर्व सैनिकों का देश के प्रति योगदान और युवा पीढ़ी की उपलब्धियां पूरे पंचायत क्षेत्र के लिए गौरव का विषय हैं।
कार्यक्रम का आयोजन पूरे उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया तथा सभी पंचायतवासियों ने मिलकर स्वतंत्रता दिवस को यादगार एवं भव्य रूप से मनाया।
ये भी पढ़ें-
Himachal:राजगढ़ कॉलेज में धूमधाम से मनाया विश्व आदिवासी दिवस




