
भारी बारिश के बीच माइनिंग कार्य के दौरान बड़ा हादसा
समाचार दृष्टि ब्यूरो/नाहन
जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कफोटा के समीप तिलोरधार (बांगनधार) में मंगलवार दोपहर बाद भारी बारिश के बीच माइनिंग कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा खिसकने से भारी मलबा और विशाल चट्टानें नीचे आ गिरीं। भूस्खलन की चपेट में आने से तीन लोगों के दबे होने की आशंका है। इनमें एक स्थानीय चालक और दो नेपाली मजदूर बताए जा रहे हैं।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
बताया जा रहा है कि तिलोरधार में माइनिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान पत्थरों से भरी एक गाड़ी माइनिंग स्थल से बाहर निकल रही थी। तभी अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और बड़ी-बड़ी चट्टानें खिसककर नीचे आ गिरीं। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र मलबे की चपेट में आ गया। हादसे में दो गाड़ियों के भी क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं तथा मलबे में दबे लोगों की तलाश शुरू की गई। हालांकि भारी बारिश और पहाड़ी से दोबारा मलबा गिरने के खतरे को देखते हुए फिलहाल बचाव अभियान रोकना पड़ा है। घटनास्थल पर बड़े-बड़े पत्थरों और भारी मलबे के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
एसडीएम शिलाई जसपाल भी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भारी भूस्खलन के बीच तीन लोगों के दबे होने की आशंका है। भारी बारिश के कारण फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है। मौसम और परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद बचाव अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।
माइनिंग कार्य की वैधता पर भी उठे सवाल
हादसे के बाद घटनास्थल पर चल रहे माइनिंग कार्य को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जिस स्थान पर खनन किया जा रहा था, वहां माइनिंग कार्य वैध अनुमति के तहत चल रहा था या नहीं। प्रशासनिक जांच के बाद ही इसकी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में दबे बताए जा रहे तीनों लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है। बारिश थमने तथा परिस्थितियां सुरक्षित होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा शुरू किया जाएगा।
ये भी पढ़ें –
Himachal:जल संकट से निपटने के लिए नवीन सोच और जनभागीदारी जरूरी: डॉ. अभिषेक जैन
Himachal:ग्राम पंचायत जामन की सेर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस




