
नाहन में सेल्समैन को सोशल मीडिया पर बदनाम करने और नौकरी से निकलवाने की धमकी देकर की थी वसूली, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को दबोचा
समाचार दृष्टि ब्यूरो / नाहन
सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में धमकी देकर अवैध वसूली करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता से कथित तौर पर वसूली गई 30 हजार रुपये की नकदी और शराब की दो महंगी बोतलें भी बरामद की हैं।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को पुलिस थाना सदर नाहन में शिकायत के आधार पर अभियोग संख्या 227/2026, धारा 308(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता नाहन में एक शराब के ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। कुछ समय पहले शराब के रेट को लेकर उसकी एक व्यक्ति के साथ कहासुनी हुई थी। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने शिकायतकर्ता के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई थी। आरोप है कि बाद में शिकायत वापस लेने के बदले आरोपी ने उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने और नौकरी से निकलवाने की धमकी देकर 30 हजार रुपये नकद और शराब की दो महंगी बोतलों की मांग की।
शिकायतकर्ता के अनुसार, धमकियों के दबाव में आकर उसने आरोपी को नकदी और शराब की बोतलें दे दीं। इसके तुरंत बाद उसने पुलिस थाना सदर नाहन पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलते ही सिरमौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुभम सहोत्रा (31), पुत्र विक्रम सहोत्रा, निवासी मकान नंबर 258/12, चिड़ावाली, नाहन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 30 हजार रुपये नकद और शराब की दोनों बोतलें बरामद कर ली हैं। मामले में अन्य व्यक्तियों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
मामले का अन्वेषण पुलिस थाना सदर नाहन की टीम कर रही है और पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच में जुटी है।
एसपी सिरमौर की आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने आमजन से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति शिकायत वापस लेने, सोशल मीडिया पर बदनाम करने या नौकरी से निकलवाने की धमकी देकर पैसे अथवा कीमती वस्तुओं की मांग करता है तो डरें नहीं और न ही उसे कोई धनराशि दें। ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा फोन कॉल, संदेश, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखें।
उन्होंने कहा कि सिरमौर पुलिस इस तरह की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करेगी।
ये भी पढ़ें –
Himachal:मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को जमीनी स्तर पर कार्रवाई तेज करने के दिए निर्देश
Himachal:अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के दौरान मांस-मछली की बिक्री पर रहेगा प्रतिबंध-उपायुक्त




