श्री ब्राह्मण समाज कल्याण ईकाई राजगढ़ द्वारा आम जन मानस के कल्याण के लिए किया हवन यज्ञ का आयोजन
समाचार दृष्टि ब्यूरो/राजगढ़
श्री ब्राह्मण समाज कल्याण राजगढ़ ईकाई द्वारा राजगढ़ में आज भगवान परशुराम जंयती एवं अक्षय तृतीया का पावन पर्व धूमधाम से मनाया गया। ब्राह्मण समाज कल्याण ईकाई के अध्यक्ष हरदेव भारद्वाज ने बताया कि ईकाई द्वारा यहां पिछले वर्ष से इस कार्यक्रम को आरंभ किया गया था। उन्होंने बताया कि आज यहाँ सर्व प्रथम क्षेत्र के प्रसिद्ध आराध्य देव शिरगुल महाराज के मंदिर परिसर में विश्व की प्राकृतिक आपदा से रक्षा व क्षेत्र की सुख शांति व आम जन मानस के कल्याण के लिए हवन यज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें सैकडो लोगो ने पूर्णाहुति अर्पित कर पुण्य कमाया।
हवन यज्ञ के बाद भगवान परशुराम की प्रतिमा की पूजा अर्चना की गई। उसके बाद शिरगुल मंदिर से शिरगुल चौक राजगढ़ तक पांरपरिक वाद्ययंत्रों के साथ भगवान परशुराम की प्रतिमा के साथ शोभायात्रा निकाली गई। उसके बाद शिरगुल चौक पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें आचार्य सुभाष शर्मा, विधायक रीना कश्यप, चित्रा सिह, राजेंद्र ठाकुर, निहाल रापटा,विजय भारद्वाज व विकल्प ठाकुर सहित अनेक वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन पर प्रकाश डाला और उनके द्वारा बताए गये मार्गो पर चलने का आवाहन किया।
इस अवसर पर ब्रहामण के समाज के प्रति कर्तव्य पर संबोधन किया और अपनी सनातन संस्कृति के संवर्धन एवं संरक्षण पर बल दिया। इस पावन अवसर पर श्याम शर्मा अध्यक्ष राष्ट्रीय श्री ब्राह्मण कल्याण सभा भी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गो के लोगो व समाज के विभिन्न संगठनो के पदाधिकारियों ने भाग लिया व इसमे अपना सहयोग दिया। इस मौका पर पूर्व सैनिक संगठन राजगढ़ द्वारा मीठे पानी की छबील लगाई गई। वहीँ आज इस अवसर पर सराहाँ के जोहाना स्तिथ प्राचीन हनुमान मंदिर में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।