
पच्छाद कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन
धर्मेंद्र धामी बोले—भाजपा के झूठे प्रचार के खिलाफ मजबूती से लड़ने का आह्वान
समाचार दृष्टि ब्यूरो / सराहां
पच्छाद कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की विशेष बैठक सराहां में आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव धर्मेंद्र धामी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन को मजबूत करने को लेकर खुलकर अपने विचार एवं सुझाव प्रभारी के समक्ष रखे।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
धर्मेंद्र धामी ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए हर व्यक्ति की राय जानी। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि टिकट की लड़ाई से हमें कुछ लेना-देना नहीं है, पहले पार्टी और संगठन को मजबूत करना जरूरी है।
उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले करते हुए कहा कि आज कांग्रेस की लड़ाई भ्रष्टाचार, पूंजीवाद, युवाओं पर कथित अत्याचार और देश की संपत्तियों को बेचने वाली नीतियों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में कांग्रेस सरकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता शालीनता से रहते हुए अपने कार्यों का ढिंढोरा नहीं पीटते।
धामी ने कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती के साथ भाजपा के कथित झूठे प्रचार का मुकाबला करें। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने देश के कई बड़े संस्थानों और सार्वजनिक संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने का काम किया है। उन्होंने रेलवे, हवाई अड्डों, बंदरगाहों, बड़े शिक्षण संस्थानों और स्वास्थ्य संस्थानों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
हिमाचल के साथ भेदभाव का आरोप
धर्मेंद्र धामी ने केंद्र सरकार पर हिमाचल प्रदेश के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के अधिकारों पर डाका डाला जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश के हितों और अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व मंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष जी.आर. मुसाफिर ने भी विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
इस अवसर पर दयाल प्यारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, जिला सिरमौर किसान सेल अध्यक्ष हिम्मत सिंह अत्री, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व अध्यक्ष आनंद परमार, दिनेश आर्य, उषा तोमर, वीरेंद्र झाल्टा, मुन्नी लाल पंवार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम ठाकुर, हरि दास बनोल्टा, संजीव तोमर और विजय शर्मा सहित कई कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आपसी समन्वय बढ़ाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का एकजुट होकर सामना करने पर जोर दिया।
ये भी पढ़ें-
Himachal:सराहां में रोजगार का सुनहरा अवसर, मार्केटिंग ट्रेनी के 22 पदों पर भर्ती
Himachal:सराहां बाजार में पागल कुत्ते का आतंक, दो दिन में 12 लोगों को काटा




