
राजगढ़ में पूर्व सैनिक संगठन से मुलाकात के बाद सुलझा मामला,पूर्व सैनिकों ने दिखाई उदारता, दर्ज शिकायत भी होगी वापस
समाचार दृष्टि ब्यूरो / राजगढ़
सोशल मीडिया पर भारतीय सैनिकों को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े विवाद का आखिरकार शांतिपूर्ण समाधान हो गया है। विवादों में आई इशिता पुंडीर ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पूर्व सैनिक संगठन इकाई राजगढ़ के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले इशिता पुंडीर द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में भारतीय सैनिकों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। जैसे ही यह वीडियो सामने आया, क्षेत्र में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली और लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व सैनिक संगठन ने राजगढ़ पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई थी।
इशिता पुंडीर परिजनों के साथ पहुंचीं, जताया खेद
विवाद बढ़ने के बाद इशिता पुंडीर अपने परिजनों के साथ पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधियों से मिलने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था।
इशिता पुंडीर ने कहा कि “मैं हाथ जोड़कर देश के सभी सैनिकों और जनता से माफी मांगती हूं। मेरी किसी भी तरह की मंशा सेना या सैनिकों का अपमान करने की नहीं थी। यह मुझसे अनजाने में हुई गलती है, जिसका मुझे बहुत पछतावा है। भविष्य में मैं इस तरह की कोई गलती दोबारा नहीं करूंगी और सभी सोशल मीडिया क्रिएटर्स से भी अपील करती हूं कि वे संवेदनशील मुद्दों पर सोच-समझकर ही कुछ साझा करें।”
पूर्व सैनिक संगठन ने दिखाई समझदारी
वहीं, पूर्व सैनिक संगठन इकाई राजगढ़ ने भी इस पूरे मामले में संयम और उदारता का परिचय दिया। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि इशिता की गलती गंभीर जरूर है, लेकिन इसे नादानी मानते हुए उन्हें माफ किया जाना चाहिए। संगठन ने यह भी घोषणा की कि इस मामले में राजगढ़ पुलिस थाने में दर्ज करवाई गई शिकायत को वापस लिया जाएगा।
संदेश: सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी जरूरी
इस पूरे घटनाक्रम के बाद एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी उतनी ही जरूरी है। संवेदनशील विषयों पर की गई छोटी सी चूक भी बड़े विवाद का रूप ले सकती है।
ये भी पढ़ें –
Himachal:विधानसभा अध्यक्ष ने किया जिला स्तरीय बैशाखी मेला राजगढ़ का समापन




