
हाब्बन में हवन, पुष्पांजलि और देशभक्ति के संकल्प के साथ मनाया गया शहीदी दिवस, बड़ी संख्या में उमड़े ग्रामीण और विद्यार्थी
समाचार दृष्टि ब्यूरो / राजगढ़
सिरमौर जिले के हाब्बन क्षेत्र में गुरुवार को देशभक्ति, सम्मान और भावनाओं से ओतप्रोत माहौल देखने को मिला। कारगिल युद्ध के दौरान 11 जून 2000 को मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त करने वाले लांस नायक भीम सिंह ठाकुर तथा वर्ष 2002 में देश सेवा के दौरान शहादत पाने वाले वीर सपूत हितेश शर्मा का शहीदी दिवस पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया गया। हाब्बन स्थित शहीदी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और शहीदों के परिजनों ने एकत्र होकर अमर वीरों को नमन किया।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
शहीदी पार्क में उमड़ा जनसैलाब, हवन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
शहीदी दिवस के अवसर पर सुबह से ही शहीदी पार्क में लोगों का जुटना शुरू हो गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीदों की स्मृति में आयोजित हवन-यज्ञ से हुआ, जिसमें परिजनों सहित स्थानीय लोगों ने आहुति देकर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

शहीदों की कुर्बानी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पझोता स्वतंत्रता सेनानी समाज कल्याण समिति हाब्बन के अध्यक्ष जय प्रकाश चौहान ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सैनिकों के प्रति पूरा राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीद भीम सिंह ठाकुर और हितेश शर्मा जैसे वीर जवानों की शहादत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अमर शहीदों की स्मृतियों को संजोकर रखना और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना समाज का नैतिक दायित्व है।
परिजनों ने नम आंखों से किया वीर सपूतों को याद
कार्यक्रम के दौरान शहीद भीम सिंह ठाकुर के बड़े भाई ओम सिंह ठाकुर, उनकी धर्मपत्नी चम्पा ठाकुर और अन्य परिजन उपस्थित रहे। वहीं शहीद हितेश शर्मा के भाई राजेश शर्मा ने भी अपने भाई की स्मृति में श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा के दौरान कई क्षण ऐसे भी आए जब उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरा वातावरण भावुक हो उठा।
जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों की रही विशेष भागीदारी
शहीदी दिवस कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य शकुंतला प्रकाश, कांग्रेस नेता राजेन्द्र हाब्बी, वीरेंद्र हाब्बी, समाजसेवी कमलेश हाब्बी, सोहन सिंह ठाकुर, बलदेव ठाकुर, निर्मल शर्मा, ग्राम पंचायत हाब्बन की प्रधान कृष्णा शर्मा, उपप्रधान विनय हाब्बी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाब्बन के प्रधानाचार्य कैलाश शर्मा, विद्यालय के शिक्षकगण, प्राथमिक पाठशाला हाब्बन के अध्यापक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर देश के वीर सपूतों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
देशभक्ति के संकल्प के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपना योगदान देने तथा शहीदों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। अमर शहीदों के सम्मान में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
ये भी पढ़ें –
Himachal:द्राबिल में विश्व पर्यावरण दिवस तथा मिशन शक्ति योजना पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Himachal:भाजपा मंडल पच्छाद ने जीत की ख़ुशी में सराहाँ में किया विशेष बैठक का आयोजन




