



कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री व कांग्रेस सरकार यह कहती है कि वह महिलाओं का सम्मान करती है लेकिन वास्तव में किया जा रहा है अपमान
कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्रदेश से बंपर जीत मिलेगी व केंद्र में एक बार फिर भाजपा की सरकार सत्तासीन होगी
समाचार दृष्टि ब्यूरो /सराहां
पच्छाद भाजपा मंडल की विशेष बैठक मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र नेहरू की अध्यक्षता में सराहां में संपन्न हुई। इस विशेष बैठक में पच्छाद की विधायक रीना कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रही। बैठक में विधायक रीना कश्यप ने कहा कि भाजपा द्वारा चलाए जा रहे महा जनसंपर्क अभियान को 15 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। इस महा जनसम्पर्क अभियान में जो पंचायतें अभी बची है उन पंचायतों में जाकर केंद्र सरकार की जनप्रिय नीतियों को लेकर चर्चा की जा रही है।
बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर ज्यादा से ज्यादा लोगों तक केंद्र सरकार की जनप्रिय नीतियों को जन जन तक पहुँचाया जा रहा है। बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश समेत प्रदेशों में भी सम्मान विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि जो बजट पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में पीएमजीएसवाई के तहत लगाया जा रहा है उस के माध्यम से राजगढ़ व पच्छाद क्षेत्र की 9 सड़कों पर करीब 400 करोड़ रूपए व्यय किए जा रहे है।
उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्रदेश से बंपर जीत मिलेगी व केंद्र में एक बार फिर भाजपा की सरकार सत्तासीन होगी। इस मौके पर कृषि विपणन बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष बलदेव सिंह भंडारी ने भी अपने विचार रखे।इस मौके पर शिव कुमार गुप्ता,तारा दत्त शर्मा, भूपेंद्र भंडारी,जगदीश अत्री,अनूप शर्मा व नरेंद्र कुमार समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
कांग्रेस सरकार ने एक मात्र महिला विधायक का किया अपमान
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को प्रदेश के बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा भांग की खेती को लेकर राजगढ़ में बैठक की गई। इस बैठक में विधानसभा की विधायिका होने के वाबजूद मुझे कोई भी सूचना नहीं भेजी गई। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री व कांग्रेस सरकार यह कहती है कि वह महिलाओं का सम्मान करती है परंतु उनकी कार्यप्रणाली व सोच का तब पता चला जब उन्होंने प्रदेश विधान पालिका की अकेली महिला होने के बावजूद भी उनके निर्वाचन क्षेत्र में कार्यक्रम की सूचना तक देना उचित नहीं समझा। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस विषय को लेकर जरूर चिंतन करें।