
शिलाई के कांडो-भटनोल के पास खाई में गिरी ब्रेजा कार, एसडीएम कार्यालय में रीडर के पद पर तैनात थे मृतक सोहन सिंह
समाचार दृष्टि लाइव / डेस्क
जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कांडो-भटनोल गांव के समीप एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पिता और उनके आठ वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 10 वर्षीय बेटी घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर सुरक्षित मिली। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे पुलिस थाना शिलाई को कांडो-भटनोल गांव के पास कार नंबर HP85-0365 के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हादसे में कमोटा गांव निवासी 40 वर्षीय सोहन सिंह पुत्र हीरा सिंह और उनके आठ वर्षीय बेटे शिवांशु ठाकुर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद परिवार की करीब 10 वर्षीय बेटी अन्वी ठाकुर घटनास्थल पर नहीं मिली। बच्ची के लापता होने की सूचना से पुलिस और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद रात के अंधेरे में ही पुलिस टीम और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद बच्ची घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर सुरक्षित हालत में मिली। उसे हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि मृतक सोहन सिंह एसडीएम कार्यालय शिलाई में रीडर के पद पर तैनात थे, जबकि उनकी पत्नी शिलाई में पुलिस कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। रात के समय सोहन सिंह अपने बच्चों के साथ घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल शिलाई/पांवटा साहिब भेजे हैं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस थाना शिलाई में मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इस हादसे में पिता और बेटे की असमय मौत से कमोटा सहित पूरे शिलाई क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। वहीं, हादसे में सुरक्षित बची मासूम बच्ची के मिलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
ये भी पढ़ें-
Himachal:राष्ट्रवाद विषय पर शोध के लिए सिरमौर के डॉ. मनोज शर्मा दिल्ली में सम्मानित
Himachal:मतपत्रों से हुए चुनावों में भी कांग्रेस को हार, अब किसे दोष देंगे राहुल गांधी : डॉ. राजीव भारद्वाज




