
कुत्ते को देखते ही घर-दुकानों में भाग रहे लोग, अस्पताल में लगातार पहुंच रहे मरीज; पंचायत ने लोगों से कुत्तों का टीकाकरण करवाने की अपील की
समाचार दृष्टि ब्यूरो / सराहां (सिरमौर )
सराहां बाजार में पिछले दो दिनों से पागल कुत्ते के आतंक ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। एक कुत्ते के काटने से करीब 12 लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार सिविल अस्पताल सराहां में चल रहा है। कुत्ते के आतंक का आलम यह है कि बाजार में घूमते कुत्ते को देखते ही लोग डर के मारे अपनी दुकानों और घरों में भागने को मजबूर हो रहे हैं।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों के दौरान सराहां बाजार तथा आसपास के क्षेत्रों में कुत्ते के काटने के कई मामले सामने आए हैं। कुत्ते के काटने के बाद लोग उपचार के लिए सिविल अस्पताल सराहां पहुंच रहे हैं। इससे बाजार के दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों में भारी चिंता बनी हुई है।
स्थानीय निवासी नरेश कुमार, प्रेम सिंह, संजय कुमार, देवांशु शर्मा, चंद्रदेव कटोच, देशराज, सुख चैन सिंह और सुरेश कुमार ने बताया कि बाजार में कुत्ते के काटने की घटनाओं के बाद लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवारा और संदिग्ध कुत्तों को लेकर तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि किसी बड़ी घटना को होने से पहले रोका जा सके।
अस्पताल में 12 लोगों का उपचार
सिविल अस्पताल सराहां में कार्यरत चिकित्सकों के अनुसार कुत्ते के काटने के बाद उपचार के लिए पहुंचे लोगों में अर्शी निवासी हाबी, अरुण निवासी पशोग, विनोद कुमार निवासी कोटड़ी, सीता देवी निवासी बनाहां की सेर, दर्शनी देवी निवासी सराहां, दीपेंद्र सिंह निवासी जयहर, जय देवी निवासी दांवर, शिवानी निवासी मताहन, दिनेश कुमार निवासी डीब, प्रेम दत्त निवासी पानवा, अमन सिंह निवासी पानवा और प्रकाश सिंह निवासी कुईना-काटली शामिल हैं। सभी का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है।
पागल कुत्ता मरा, लेकिन खतरा अभी टला नहीं
सराहां पंचायत प्रधान किरण अत्री ने बताया कि सराहां में जिस पागल कुत्ते ने लोगों को काटा था, उसकी बीती रात मौत हो गई है। हालांकि उन्होंने चिंता जताई कि उक्त कुत्ते ने क्षेत्र के अन्य कुत्तों को भी काटा है, जिसके चलते खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि पंचायत की ओर से सराहां के लोगों को अपने पालतू कुत्तों तथा बाजार में घूमने वाले कुत्तों को पशुपालन विभाग के अस्पताल में ले जाकर आवश्यक इंजेक्शन लगवाने की सलाह दी गई है, ताकि संक्रमण को अन्य कुत्तों में फैलने से रोका जा सके।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पताल में चल रहा उपचार
बीएमओ पच्छाद डॉ. पुनीत शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि सराहां सिविल अस्पताल में पागल कुत्तों के काटने के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 12 मामले अस्पताल में पहुंच चुके हैं और सभी का उपचार किया जा रहा है।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन से मांग उठ रही है कि सराहां बाजार और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की तत्काल निगरानी कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और किसी गंभीर हादसे को टाला जा सके।
ये भी पढ़ें-




