



कहा पच्छाद उपचुनाव में जनता से किए वादे किए पूरे अब पच्छाद की जनता दे भाजपा का साथ
इन 5 सालों में 2 साल दो कोरोना में ही बीत गए, एक कार्यकाल तो ऐसा होना चाहिए जिसमें पूरे 5 साल काम करने का मौका हमें भी मिले
समाचार दृष्टि ब्यूरो/सराहाँ
50 सालों में जो काम नहीं हुए वह 5 साल में हमने करके दिखाएं हैं और अगर इन 5 सालों में हमारी सरकार द्वारा पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में काम हुए तो ही भाजपा को वोट देना। यह बात ठाकुर जयराम ने आज पच्छाद विधानसभा के नारग में भाजपा प्रत्याशी विधायक रीना कश्यप के पक्ष में चुनाव रैली को सम्बोधित करते हुए कही। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के लिए किए गए अनेक विकास कार्य गिनवाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 के उपचुनाव में पच्छाद क्षेत्र की जनता से जो वादे किए थे, वह हमने पूरे किए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी बात लकीर होती है, एक बार फिर पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से रीना कश्यप को विधानसभा में भेजें। क्षेत्र के जो काम शेष कर रहे हैं, उन्हें अगले 5 सालों में पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक कार्यकाल तो ऐसा होना चाहिए, जिसमें पूरे 5 साल काम करने का मौका हमें भी मिले। क्योंकि इन 5 सालों में 2 साल दो कोरोना में ही बीत गए। हमे काम करने का मौका केवल 3 साल ही मिला। इन 3 सालों मे पच्छाद विधानसभा क्षेत्र सहित हिमाचल में विभिन्न विकास कार्य किए गए, जिनके दम पर हम जनता से भाजपा के लिए वोट मांग रहे हैं। अपने 35 मीनट के भाषण में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर जमकर कटाक्ष किया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस ने एक महिला को अध्यक्ष बनाया है। उनकी सपोर्ट के लिए चार वर्किंग प्रेसिडेंट बनाएं हैं। कांग्रेस की दो स्पोट तो भाजपा ने तोड़ दिए हैं। तो आप समझ सकते होंगे की अब दो स्पोट के सहारे कांग्रेस कितनी मजबूत रह गई होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पूरे देश से कांग्रेस समाप्त हो चुकी है। हिमाचल में भी हम कांग्रेस को नहीं आने देगे।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश को आजाद हुए 75 वर्ष हो गए हैं। जिसमें से हिमाचल में 50 सालों तक कांग्रेस की सरकार रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मणिपुर गोवा व मिजोरम ने रिवाज बदला है। अब हिमाचल की जनता की बारी है कि इस बारी-बारी के रिवाज को बदल कर लंबे समय तक यहां भाजपा की सरकार बनायें। उन्होंने कहा कि गुजरात में 27 वर्षों से भाजपा सरकार चल सकती है, तो हिमाचल में क्यों नहीं। अब हिमाचल लंबे समय तक भाजपा की सरकार बनाएगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विक्रमादित्य सिंह का बिना नाम लिए कहा कि कांग्रेस में अभी अभी एक नेता आयें हैं जो बड़े नेता पुत्र हैं। कहते हैं कि हिमाचल में सरकार रिपीट तो राजा साहब भी नहीं कर पाए, जयराम किस खेत की मूली है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ काम बड़े लोग नहीं कर पाते हैं, उसे छोटे लोग ही कर पाते हैं। एक बार फिर छोटे लोग हिमाचल में रिवाज बदल कर यह संदेश देंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं कि अनदेखी कि जाती है इस क्षेत्र से लंबे समय तक कांग्रेस को मुसाफिर सेवाएं देते रहे, लेकिन उन्हें अब कांग्रेस ने विदाई दे दी है। मुख्यमंत्री इ कहा कि अबकी बार यहाँ त्रिकोणीय मुकाबला हो गया है और अब इस त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा की रीना कश्यप को जीता कर विधानसभा भेजना है।
ठाकुर जयराम ने कहा कि देश को लंबे समय के बाद मजबूत नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में मिला है। जो कि अभी और दशकों तक आगे चलता रहेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यों को भी गिनाया।