
भारत ने नेपाल को हराकर जीती ट्रॉफी, नितेश कुमार ने बढ़ाया सिरमौर का मान
समाचार दृष्टि ब्यूरो / सराहां
नेपाल के पोखरा में 4 से 6 सितंबर तक आयोजित इंडो-नेपाल हैंडबाल सीरीज में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान नेपाल को चार गोल के अंतर से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
भारतीय टीम की इस शानदार अंतरराष्ट्रीय जीत में हिमाचल प्रदेश के तीन होनहार खिलाड़ियों—नितेश कुमार, आयुष भारतीय और तनिष धीमान ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया। तीनों खिलाड़ी बिलासपुर स्थित युवा सेवा एवं खेल विभाग के राज्य खेल छात्रावास में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
सराहां के नितेश कुमार ने चमकाया सिरमौर का नाम
इस उपलब्धि में जिला सिरमौर के सराहां क्षेत्र के गांव बाग पेशाग निवासी नितेश कुमार का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। नितेश ने हैंडबाल खेल की शुरुआत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगर धरयार से की।

विद्यालय के डीपीई पवन भंडारी ने नितेश सहित अन्य विद्यार्थियों को हैंडबाल के लिए तैयार किया और उन्हें जिला व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के अवसर प्रदान किए।
अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर नितेश ने राज्य खेल छात्रावास बिलासपुर के लिए ट्रायल दिया, जहां उनका चयन हुआ। पिछले दो-तीन वर्षों से नितेश छात्रावास में नियमित रूप से कड़ा अभ्यास कर रहे हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन ने आखिरकार उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव दिलाया।
जीत में निभाई अहम भूमिका
इंडो-नेपाल हैंडबाल सीरीज में नितेश ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से सराहां क्षेत्र और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगर धरयार में खुशी की लहर है।
नितेश की सफलता पर विद्यालय के समस्त अध्यापकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विद्यालय की ओर से डॉ. सुरेश कुमार, प्रवक्ता राजनीतिक विज्ञान, ने भी नितेश को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नितेश के माता-पिता अनिल कांत एवं प्रोमिला और बहन कृतिका भी उनकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से बेहद प्रसन्न हैं। परिवार ने नितेश की सफलता का श्रेय उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को दिया।
भारत की इस शानदार अंतरराष्ट्रीय जीत और हिमाचल प्रदेश के तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रदेशवासियों में खुशी का माहौल है।
नितेश कुमार, आयुष भारतीय और तनिष धीमान को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
ये भी पढ़ें –
Himachal:राजकीय महाविद्यालय सराहाँ में नई पीटीए कार्यकारिणी का गठन, सुरेश कुमार बने अध्यक्ष




