
भाजपा के प्रकाश भाटिया ने संभाला पच्छाद बीडीसी अध्यक्ष का पदभार
समाचार दृष्टि ब्यूरो / सराहां (सिरमौर)
पच्छाद विकास खंड की राजनीति में बाग पशोग बीडीसी वार्ड ने एक बार फिर अपनी मजबूत राजनीतिक पहचान दर्ज कराई है। लगातार तीसरी बार इसी वार्ड के निर्वाचित सदस्य के सिर पच्छाद पंचायत समिति के अध्यक्ष पद का ताज सजा है। इस बार भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं निर्वाचित बीडीसी सदस्य प्रकाश भाटिया ने अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालते हुए विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
•हमारे फेसबुक पेज पर दिए Linkसे जुड़िए :-https://www.facebook.com/SamacharDrishtiLive/
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में प्रकाश भाटिया ने कहा कि पंचायत समिति का उद्देश्य राजनीति नहीं बल्कि विकास होगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए सांसद, विधायक, जिला परिषद सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा पंचायत समिति के सभी सदस्यों के साथ मिलकर एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि पच्छाद के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास की गति समान रूप से पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। पंचायत समिति को विकास का प्रभावी मंच बनाते हुए हर पंचायत की आवश्यकताओं के अनुसार योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
गौरतलब है कि बाग पशोग बीडीसी वार्ड लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद का केंद्र बना है। इससे पहले इसी वार्ड से एक बार कांग्रेस समर्थित सदस्य अध्यक्ष बने थे, जबकि अब लगातार दूसरी बार भाजपा के सदस्य ने इस पद पर कब्जा जमाया है। इस तरह इस वार्ड ने अध्यक्ष पद की हैट्रिक पूरी कर क्षेत्र की राजनीति में अपनी अलग पहचान बना ली है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बाग पशोग वार्ड का यह लगातार तीसरा प्रतिनिधित्व स्थानीय नेतृत्व पर जनता के विश्वास और क्षेत्र के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव को दर्शाता है। अब सबकी निगाहें इस बात पर होंगी कि नई पंचायत समिति विकास के अपने वादों को किस तरह धरातल पर उतारती है।
ये भी पढ़ें –
Himachal:हाब्बन में गूंजा ‘खेत बचाओ अभियान’, वैज्ञानिकों ने किसानों को सिखाई टिकाऊ और प्राकृतिक खेती की नई तकनीकें
Himachal:एंटी-चिट्टा ड्राइव अभियान के तहत जिला की 20 ग्राम पंचायतों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित- उपायुक्त




