



परिजनों को मिली दोहरी खुशी, एक बेटे को मिला आईआईटी बॉम्बे में एडमिशन तो दूसरा यूरोपीय देश से करेगा पीएचडी
निकोलस कोपरनिकस यूनिवर्सिटी से मिला 50 लाख का बड़ा ऑफर
समाचार दृष्टि ब्यूरो/ सराहां
उपमंडल पच्छाद के घिन्निघाड (सराहां) का होनहार संकल्प शर्मा परमाणु विज्ञान का ज्ञाता बनने जा रहा है। संकल्प शर्मा को यूरोपीय देश पौलेंड से बड़ा ऑफर मिला है। वह निकोलस कोपरनिकस यूनिवर्सिटी से एटॉमिक साइंसेज में पीएचडी करेगा। इसके लिए उन्हें 50 लाख की स्कॉलरशिप भी मिलेगा। प्रतिभावान बेटे की इस उपलब्धि से परिजन बेहद प्रसन्न हैं वहीं क्षेत्र में भी खुशी का माहोल है।
संकल्प के पिता ने समाज शास्त्र में डॉक्टरेट कर समाज सेवा को चुना और ‘साथी’ के रूप में नाम चमकाया, वहीं बेटे ने वैज्ञानिक बनकर देश के लिए अमूल्य योगदान देने की ठान ली उसकी लग्न व मेहनत रंग लाई। सराहां में पले बढ़े संकल्प ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा यहीं से की। उसके बाद उन्होंने डिवाइन इंटरनेशनल स्कूल चक्की मोड़ से 10वीं जबकि मोहाली (पंजाब) के ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल से जमा दो की पढ़ाई पूरी की। तभी इन्होंने ठान लिया था कि आगे की पढ़ाई वह फिजिक्स में करेंगे।
संकल्प शर्मा के पिता डॉ अनिल शर्मा ने बताया कि यह उनके लिए ही नहीं बल्कि समस्त क्षेत्रवासियों के लिए बड़े गर्व का पल है कि उनका छोटा बेटा संस्कार आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग करेगा जबकि बड़ा बेटा संकल्प पौलेंड की जानी मानी यूनिवर्सिटी से पीएचडी करेगा। उन्होंने बताया कि संकल्प निकोलस कोपरनिकस यूनिवर्सिटी से 4 वर्ष में पढ़ाई पूरी करेगा। इसके लिए उसे 50 लाख तक की स्कॉलरशिप ऑफर हुई है।
मूलरूप से मंडी जिला के जोगिंदर नगर निवासी डॉ अनिल शर्मा ने समाज सेवा के लिए सिरमौर जिला को चुना। उन्होंने ‘पच्छाद के घिन्नीघाड (ठाकुर द्वारा) में साथी नामक स्वयंसेवी संस्था की स्थापना की। अपनी कार्यकुशलता व समर्पण के दम पर वह पर्यावरण एवं जल संरक्षण के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं।