



मकान पर भारी भूस्खलन से हुए इस दुखद हादसे में माता पिता और बेटे की हुई है मौत
मुख्यमंत्री ने कुमारसैन में भूस्खलन से हुई तीन लोगों की मृत्यु पर शोक जताया
जिला प्रशासन को प्रभावित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध करवाने के दिए निर्देश
समाचार दृष्टि ब्यूरो/शिमला
हिमाचल में आफत की बारिश अपना कहर बरपा रही है। प्रदेश की राजधानी शिमला के कुमारसैन में उप तहसील कोटगढ़ की ग्राम पंचायत मधावनी के पानेवाली गांव में मकान पर भारी मलवा गिरने से पति- पत्नी और बेटे की दबकर मौत हो गयी है।
यहां एक मकान पर भारी भूस्खलन होने से तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि 2 लोगों को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने तीनों के शवों को मलबे के नीचे से निकाल लिया है।
जानकारी के मुताबिक, कोटगढ़ में एक घर में 5 लोग रह रहे थे। इस दौरान अचानक की मकान पर भूस्खलन हो गया। जिस कारण पांचों लोग मलबे के नीचे दब गए। हादसे में जयचंद के बेटे अनिल (32) और उनकी पत्नी किरण और बेटे स्वपनिल की मौत हो गई। 11 साल का स्वपनिल माता पिता के साथ मलबे में दब गया था। जबकि जयचंद और उसकी पत्नी बीना देवी को हल्की चोटें आई है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिले की कुमारसैन तहसील में भूस्खलन की घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को प्रभावित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।