



मण्डल राजगढ़ के सराहां की ग्राम पंचायत बाग पशौग में वन प्राणियों के सरंक्षण बारे किया गया एक कार्यशाला का आयोजन
समाचार दृष्टि ब्यूरो/सराहां
वन वृत नाहन के सौजन्य से मण्डल राजगढ़ के सराहां में ग्राम पंचायत बाग पशौग में वन प्राणियों के सरंक्षण बारे एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में वृत्त नाहन के चारों वन मण्डल के करीब 40 वन कर्मचारियों ने भाग लिया।
इस कार्यशाला का आयोजन सरिता कुमारी फॉरेस्ट कंजरवेटर वृत्त नाहन के दिशा निर्देशों पर किया गया जिसमें विलुप्त हो रही गिद्ध प्रजाति के संरक्षण बारे अवगत कराया गया। कार्यशाला में मुख्य रिसोर्स पर्सन प्रोजेक्ट सहायक निदेशक डी एस डडवाल ने गिद्धों की प्रजाति का आंकलन कैसे करना है के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर में काफी चीड़ के जंगल हैं यहां यह प्रजाति काफी मात्रा में पाई जाती है। जिला सिरमौर में गिद्ध की चार प्रजातियां पाई जाती हैं। यहां इंडियन वल्चर, हिमालयन ग्रीफ़ोन, वाइट रंपड व इंजीपसियन वल्चर पाई जाती हैं। जिनके संरक्षण व आंकलन के लिए इस कार्यशाला का आयोजन किया गया।
उन्होंने कार्यशाला में उपस्थित वन कर्मचारियों को इनके नेस्टीक साइट, रूस्टिंग साइट व फीडिंग साइट को चिन्हित करने के लिए सर्वे करने बारे प्रशिक्षित किया। उन्होंने बताया कि इन साइटों को सर्वे कर चिन्हित किया जाएगा जिससे भविष्य में इस प्रजाति का संरक्षण हो सके।
इस कार्यशाला में डीएफओ हेड क्वार्टर नाहन वेद प्रकाश, डीएफओ राजगढ़ टी वेंकटेशन, आरओ सराहां सतपाल शर्मा व बीओ घिन्नी सुरेंद्र शर्मा समेत करीब40 वन कर्मचारियों ने भाग लिया।