



सोमवार मध्य रात्रि करीब 1.30 बजे हुआ हादसा, राजगढ़ अस्पताल में जांच करने के बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
समाचार दृष्टि ब्यूरो/ नाहन
राजगढ़ उपमंडल में अपने मामा के घर अपनी मां के साथ मेहमान आई एक 5 वर्षीय बच्ची को सांप ने काट लिया। जिसके बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार मध्य रात्रि करीब 1.30 बजे सोनम पुत्री कुलदीप ग्राम गहनोग डाकघर भूज्जल तहसील राजगढ़, आयु 5 वर्ष जो कि अपने मामा ओमप्रकाश के घर धरोटी में मेहमानी में आई हुई थी। बताया जा रहा हे कि रात को वह कमरे में अपनी मां के साथ सोई हुई थी।
अचानक कहीं से कमरे में सांप घूस आया तथा उसने सोनम को काट लिया, जबकि सांप ने सोनम की मां को कुछ नहीं किया। अचानक सोनम को काटने के बाद सांप कमरे से बाहर चला गया। जैसे ही सांप के काटने से 5 वर्षीय सोनम चिल्लाई, तो उसकी मां उठ खड़ी हुई उसने देखा कि खिड़की से सांप बाहर जा रहा था।
तुरंत इसकी जानकारी उसने अपने भाई को दी तथा उन्होंने उसे उसी हालत में राजगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया। राजगढ़ अस्पताल पंहुचते ही 5 वर्षीय सोनम बेहोश हो गई। सोनम की जांच करने के बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह राजगढ़ पुलिस द्वारा सिविल हॉस्पिटल राजगढ़ में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर बबीता राणा ने सांप के काटने से बच्ची की मौत की पुष्टि की है।