



कांग्रेस जिला अध्यक्ष बोले जो संगठन अपनी सरकार को मजबूती ना दे सका उनके मुंह से खिलाफत अच्छी नहीं लगती
समाचार दृष्टि ब्यूरो/नाहन
सिरमौर कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद परमार ने सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के द्वारा एक पत्रकार को निजी रूप से दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। आनंद परमार ने जारी प्रेस बयान में कहा कि सांसद सुरेश कश्यप ने अपनी सांसद निधि से कोई भी ऐसा कार्य नहीं किया है जो दिखाई दे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में रही भाजपा सरकार ने जाते-जाते 900 से अधिक शिक्षण व अन्य संस्थान बिना किसी तकनीकी योजना तथा बगैर बजट के प्रावधान के ही खोलने की घोषणाएं की थी। इन घोषणाओं को करने से पहले उन्होंने कहीं पर भी वित्त विभाग की राय भी शामिल नहीं करी। उन्होंने कहा जनता को केवल बड़े-बड़े सब्जबाग दिखाकर सत्ता फिर से पाने के उद्देश्य से हवाई घोषणाएं कर दी थी।
परमार ने कहा कि मौजूदा सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने बिल्कुल सही निर्णय लिया है ऐसी तमाम हवाई घोषणाओं को बंद कर स्वागत योग्य कार्य किया है। उन्होंने कहा पूर्व में रही भाजपा सरकार ने जनता के पैसे का जमकर दुरुपयोग किया। यदि सरकार अपने प्रचार प्रसार में सरकारी धन का दुरुपयोग ना कर उसे जनहित में लगाती तो आज प्रदेश पर जो भारी कर्ज का बोझ है वह कुछ कम हुआ होता।
उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी हार बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। परमार ने यह भी कहा की सरकार किसी और रास्ते पर चल रही थी तो संगठन दूसरे रास्ते पर चल रहा था। प्रदेश भाजपा ने संगठन को मजबूत करने की जगह जोड़-तोड़ को ज्यादा तवज्जो दी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार ने सांसद व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप से सवाल करते हुए कहा कि उन्होंने अपने गृह क्षेत्र में मुख्यमंत्री को जितनी बार बुलाया हर बार 500 करोड़ से अधिक की घोषणा करवाई। परमार ने पूछा कि वह करोड़ों में कराई गई योजनाएं धरातल पर कहीं नजर आती हो तो दिखाएं। परमार ने कहा कि पूर्व सरकार के समय किसानों की पूरी तरह से अनदेखी की गई। उन्होंने कहा सुरेश कश्यप के अपने गृह क्षेत्र पच्छाद के लिए कोई भी ऐसी बड़ी योजना नहीं ला पाए जिससे यहां के युवाओं को रोजगार मिलता और किसानों को आर्थिक सहारा।
इस विधानसभा क्षेत्र में सांसद ने केवल अपनी गृह पंचायत गागल सिकोर में ही विकास कार्य करवाए। बावजूद इसके पूर्व सरकार के समय हुए पंचायती चुनावों में भी वह अपनी गृह पंचायत में प्रधान तो दूर वार्ड मेंबर तक को जिता ना पाए।
आनंद परमार ने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मिशन रिपीट की जगह मिशन डिफीट हो गए हैं और अब बौखलाहट में जनता के द्वारा चुनी गई कांग्रेस सरकार के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा भाजपा सरकार की गलत नीतियों के परिणाम स्वरूप वर्तमान राज्य सरकार पर आज 75000 करोड रुपए का कर्ज खड़ा हुआ है। और जाते-जाते भाजपा सरकार ने सरकारी धन का जमकर दुरुपयोग भी किया यही वजह है कि जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
आनंद परमार ने सुरेश कश्यप को नसीहत देते हुए कहा कि वह अनाप-शनाप बयानबाजी से बाज आएं। उन्होंने कहा अच्छा हो कि एक अच्छे सांसद के रूप में 17 विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दें। उन्होंने कहा कि सुरेश कश्यप ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में परमार के नाम पर जमकर राजनीति की है मगर उनके गृह क्षेत्र कि हमेशा अनदेखी ही की है।
आज इस विधानसभा क्षेत्र में सड़कें पूर्व सरकार की अनदेखी की पुष्टि करती नजर आती है। हजारों बेरोजगार युवक औद्योगिक क्षेत्रों में दिहाड़ी करने पर मजबूर है। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की सीट जीआर मुसाफिर की वजह से उन्हें मिली है ना कि सरकार की वजह से। उन्होंने कहा सांसद होने के नाते वह कांग्रेस सरकार के द्वारा किए जा रहे हैं निर्णयों पर सोच समझकर प्रतिक्रिया दें।